सलवार-कमीज पहन घर में घुसे 17 साल के लड़के ने की दंपती की हत्या

दिल्ली में 17 साल के एक लड़के ने डबल मर्डर की वारदात को खतरनाक तरीके से अंजाम दिया। वारदात को दक्षिण-पूर्व दिल्ली की अमर कॉलोनी में अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक 17 साल का यह लड़का सलवार-कमीज पहनकर घर में घुसा था और वारदात को अंजाम देने के बाद दूसरे दिन सूट-बूट पहनकर घर से निकला। नौकरानी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है वहीं पुलिस ने लड़के की एक दिन तक रिमांड ली। फिलहाल पुलिस चोरी का सामान जब्त करने की कोशिश कर रही है।
मृतक दंपती की पहचान 77 वर्षीय वीरेंद्र कुमार खनेजा और 72 वर्षीय सरला खनेजा के रूप में की गई। इस मामले में पुलिस ने खनेजा दंपती के यहां पार्ट टाइम काम करने वाली महिला को हिरासत में लिया था। इसके एक दिन बाद दंपती की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके नाबालिग लड़के को भी पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि दंपती के घर का दरवाजा नौकरानी ने खोला था। उसने ही लड़की के कपड़ों में अपने 17 वर्षीय बेटे को अंदर आने में मदद की। पुलिस के मुताबिक लड़कने पहले सरला को मारकर उनकी ज्वेलरी लूटी फिर वीरेंद्र को मारने के लिए उनके वापस आने का इंतजार किया।