खुलासा : पति के जिंदा होने पर भी 22 महिलाओं को मिल रही विधवा पेंशन

इसके खाते में तीन हजार रुपए भी आए हैं। इस गड़बड़झाले का खुलासा इसी महिला के पति ने ही किया है। पत्नी के खाते में आई विधावा पेंशन देखने के बाद पति के होश उड़ गए।
22 सुहागिन महिलाओं के खाते में विधवा पेंशन आने की खबर से जिलेभर में हड़कंप मच गया। अब पति खुद के जीवित होने का सुबूत लेकर अफसरों के यहां दौड़ लगा रहा है। महमूदाबाद ब्लॉक के जाफरपुर गांव में सफाई कर्मी संदीप कुमार ने ही यह खुलासा किया है। संदीप की शादी आठ माह पूर्व प्रियंका से उसकी शादी हुई थी।
संदीप ने बताया कि, उसकी पत्नी को मोबाइल पर बैंक की तरफ से पैसे क्रेडिट होने का मैसेज आया था। इसके बाद जब बैंक जाकर इन पैसों के बारे में जानकारी ली तो बताया गया कि यह विधवा के तहत मिली राशि है। इसके बाद जानकारी करने पर पाया गया कि 22 ऐसी महिलाओं को विधवा पेंशन मिल रही है, जिनके पति ज़िंदा हैं। इतना ही नहीं, सास और साली को भी विधवा पेंशन मिली है। जबकि इनके भी पति जीवित हैं। संदीप ने बताया कि, इसके बाद प्रोबेशन ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई लेकिन कुछ भी नहीं हुआ।