बिजनौर हिंसा: जाट महासभा बोली- हिन्दू लड़कियों से हुई थी छेड़छाड़
बिजनौर। बिजनौर में लड़की से छेड़छाड़ के बाद हुए बवाल में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। गांव से मिली जानकारी के साथ ही पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक मुस्लिम लड़की से जाट लड़कों द्वारा छेड़छाड़ के बाद यह हिंसा हुई। लेकिन जाट महासभा ने बयान दिया है कि हिंदू लड़की से छेड़छाड़ हुई थी।
एक हिन्दी दैनिक की रिपोर्ट के अनुसार जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष शूरवीर सिंह के आवास पर हुई बैठक में शूरवीर सिंह ने कहा कि पेदा गांव में हिंदू समुदाय की लड़कियों के साथ अक्सर छेड़छाड़ होती रही है। शुक्रवार को भी घटना के मूल में हिंदू लड़की के साथ छेड़छाड़ है, लेकिन सरकारी मशीनरी और अन्य लोगों ने तुष्टिकरण की नीति और अपनी राजनीति चमकाने के लिए घटना को दूसरा रूप दे दिया।
उन्होंने आगे कहा कि हकीकत यह है कि हिंदू लड़कियों के साथ छेड़छाड़ हुई और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गयी। थोड़ी ही देर में फिर से विरोध शुरू हुआ और मुस्लिम समुदाय की ओर से पथराव शुरू कर दिया गया। इसके बाद हिंदू समुदाय के लोगों ने भी प्रतिक्रिया की और यह बेहद दुखद वारदात हुई।